लगातार बारिश बनी काल, 10 वर्षीय बालक तेज बहाव में लापता, देर रात तक चलता रहा तलाश अभियान
ओड़गी, 29 जुलाई 2026 द शूटर। बरसात का मौसम जहां किसानों के लिए राहत लेकर आया है, वहीं कुदरगढ़ क्षेत्र के एक परिवार के लिए यह कभी न भूलने वाला दर्द छोड़ गया। मंगलवार शाम ग्राम पंचायत चपदा का 10 वर्षीय एक मासूम ढ़ेकी नदी के उफनते बहाव में बह गया। घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा रहा। नदी किनारे परिजनों की आंखें अपने लाल की एक झलक पाने को टिकी रहीं, जबकि पुलिस और ग्रामीण अंधेरे में टॉर्च की रोशनी के सहारे देर रात तक उसकी तलाश करते रहे। समाचार लिखे जाने तक बालक का कोई सुराग नहीं मिल सका था।
जानकारी के अनुसार, चपदा निवासी रामसिंह का 10 वर्षीय पुत्र अपने एक साथी के साथ गांव के पास बह रही ढ़ेकी नदी के किनारे खेल रहा था। इसी दौरान वह अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गया। देखते ही देखते मासूम पानी की लहरों में ओझल हो गया। साथ मौजूद बच्चे ने घबराकर गांव पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। खबर मिलते ही परिवार और ग्रामीण बदहवास होकर नदी की ओर दौड़ पड़े।
सूचना मिलते ही कुदरगढ़ पुलिस चौकी की टीम भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर खोज अभियान शुरू किया। लेकिन लगातार हो रही बारिश, नदी का बढ़ा हुआ जलस्तर, तेज बहाव और रात का अंधेरा राहत कार्य में बड़ी बाधा बने रहे। इसके बावजूद पुलिस और ग्रामीणों ने देर रात तक नदी के किनारे और आसपास के क्षेत्रों में लगातार तलाश जारी रखी।बुधवार सुबह उजाला होते ही एक बार फिर खोज अभियान शुरू किए जाने की तैयारी की गई है।इधर, घटना के बाद पूरे गांव में चिंता और बेचैनी का माहौल है। हर किसी की जुबान पर एक ही दुआ है कि किसी तरह मासूम का पता चल जाए। प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि लगातार बारिश के दौरान नदी-नालों के पास जाने से बचें और बच्चों पर विशेष निगरानी रखें। बरसात के दिनों में थोड़ी सी असावधानी भी जिंदगी भर का दर्द बन सकती है।
