अम्बिकापुर। द शूटर । भारतीय जनता पार्टी सरगुजा के जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया के मार्गदर्शन में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने आज पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर नाबालिग आदिवासी बालिका से दुष्कर्म के आरोपी तरुण जायसवाल की तत्काल गिरफ्तारी एवं कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की। साथ ही पीड़ित परिवार पर समझौते का दबाव बनाने वाले लोगों के विरुद्ध भी निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की गई।
इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री विनोद हर्ष ने कहा कि नाबालिग आदिवासी बालिका के साथ हुई यह घटना अत्यंत गंभीर एवं दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष के परिजन पीड़ित परिवार पर लगातार समझौते का दबाव बना रहे हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस के परसा मंडल अध्यक्ष एवं पूर्व सरपंच विवेक पैकरा तथा उनके परिवार के लोगों द्वारा भी पीड़ित पक्ष पर आर्थिक प्रलोभन देकर समझौते के लिए दबाव बनाए जाने की शिकायत सामने आई है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई नहीं होती है तो इससे न्याय व्यवस्था पर लोगों का विश्वास प्रभावित होगा।
अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष बिंदेश्वरी पैकरा ने कहा कि नाबालिग आदिवासी बच्ची से बलात्कार की घटना से हम सब अत्यधिक आक्रोशित एवं उद्वेलित हैं।उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता द्वारा पीड़ित परिवार को पैसा का प्रलोभन दे कर जनजाति अस्मिता के साथ सौदा करने की कोशिश की गई जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है , इससे आदिवासी समाज के लिए कांग्रेस का सोच परिलक्षित होता है । बिंदेश्वरी पैकरा ने कहा कि आरोपी तरूण जायसवाल एवं उसके परिवारजन काफी पहुंच एवं प्रभावशाली व्यक्ति है, के द्वारा अपनी पहुंच एवं प्रभाव के आधार पर प्रकरण को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। यदि आरोपी तरूण जायसवाल की गिरफ्तारी शीघ्र नही की जाती है तो वह पीड़िता एवं अन्य साक्षियों को प्रभावित कर सकता है।
भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष शुभांगी बिहाड़े ने बताया कि महिला मोर्चा का प्रतिनिधिमंडल हाल ही में ग्राम भफौली पहुंचकर पीड़िता एवं उसके परिजनों से मिला था। उन्होंने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा इस कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है और उन्हें हर संभव सहयोग एवं न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि किसी भी सभ्य समाज में महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध इस प्रकार के अपराध अस्वीकार्य हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा पीड़िता एवं उसके परिवार पर दबाव बनाने वाले सभी लोगों के विरुद्ध निष्पक्ष एवं कठोर कार्रवाई करने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने वालों में महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री फुलेश्वरी सिंह, भाजपा जिला महामंत्री अरुणा सिंह, निलेश सिंह, सत्यम साहू , जन्मेजय मिश्रा, रूपेश दुबे, रविकांत उराँव, प्रियंका चौबे, सरस्वती यादव, अनीश सिंह, अविनाश मण्डल सहित मोर्चा एवं पार्टी के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

The shooter