Screenshot
अम्बिकापुर। द शूटर । संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश से लाई गई अवैध विदेशी शराब की खेप जब्त की है। टीम ने लगभग 1 लाख 8 हजार रुपये मूल्य की 18 पेटियों में रखी 900 पाव (162 लीटर) अंग्रेजी शराब बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
संभागीय आबकारी उड़नदस्ता के सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम भदवाही निवासी गौरव जायसवाल मध्यप्रदेश से भारी मात्रा में विदेशी शराब लाकर ग्राम नुनेरा के पंच ब्रिजलाल पैकरा के घर में छिपाकर रखे हुए है। सूचना के आधार पर आबकारी टीम ने छापेमारी कर ब्रिजलाल पैकरा के घर से 18 पेटियों में कुल 162 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की।
पूछताछ के दौरान ब्रिजलाल पैकरा ने बताया कि जब्त शराब गौरव जायसवाल की है। इसके बाद आबकारी टीम ने गौरव जायसवाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने शराब अपनी होना स्वीकार कर लिया।
आबकारी विभाग ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया तथा न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई की है।

