Screenshot
एसपी कार्यालय का घेराव, कलेक्ट्रेट गेट पर धरना; भारी बारिश में भी जारी रहा आंदोलन

अम्बिकापुर। द शूटर । कोतवाली थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी की अब तक गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज सर्व आदिवासी समाज ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में समाज के लोग कलेक्ट्रेट कार्यालय के मुख्य द्वार के सामने धरने पर बैठ गए और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। भारी बारिश के बावजूद प्रदर्शनकारी सड़क पर डटे रहे।

जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र में कुछ दिनों पूर्व एक नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया था। पीड़िता के परिजनों ने उपसरपंच पति तरुण जायसवाल के विरुद्ध दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से आक्रोशित सर्व आदिवासी समाज ने एसपी कार्यालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया और सड़क पर बैठकर न्याय की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान सर्व आदिवासी समाज के कार्यकारी जिलाध्यक्ष एवं अधिवक्ता अनूप प्रताप सिंह टेकाम ने कहा कि यदि पुलिस शीघ्र आरोपी को गिरफ्तार नहीं करती है तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। वहीं प्रदर्शन में शामिल आकांक्षा टोप्पो ने भी पीड़िता को न्याय दिलाने और दोषी के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। इस संबंध में एसडीओपी राकेश बघेल ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और पुलिस जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लेगी।

