₹50 लाख की लागत से विकसित होगा प्रतिमा स्थल, गार्डनिंग एवं हाई-मास्ट लाइट सहित होंगे विभिन्न विकास कार्य

अंबिकापुर। The shooter news .
नगर निगम अंबिकापुर द्वारा वार्ड क्रमांक 01 भगवानपुर (मनेन्द्रगढ़ रोड स्थित फॉरेस्ट बैरियर के समीप) लगभग ₹50 लाख की लागत से स्थापित की जाने वाली लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की भव्य प्रतिमा एवं उससे संबंधित विकास कार्यों का भूमि पूजन विधिवत संपन्न हुआ।
इस परियोजना के अंतर्गत सरदार वल्लभभाई पटेल की भव्य प्रतिमा की स्थापना के साथ-साथ परिसर का सौंदर्यीकरण, गार्डनिंग तथा हाई-मास्ट लाइट सहित विभिन्न आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जाएगा। यह स्थल न केवल नगर की सुंदरता में वृद्धि करेगा, बल्कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और अखंड भारत के शिल्पकार सरदार पटेल के प्रेरणादायी व्यक्तित्व को भी जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगा।
भूमि पूजन कार्यक्रम में भाजपा सरगुजा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया, महापौर श्रीमती मंजूषा भगत, एमआईसी सदस्यगण, पार्षदगण तथा नगर निगम अंबिकापुर के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन राष्ट्र सेवा, दृढ़ नेतृत्व और राष्ट्रीय एकीकरण का अनुपम उदाहरण है। उनकी प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देती रहेगी। नगर निगम द्वारा कराया जा रहा यह विकास कार्य शहर के सौंदर्यीकरण के साथ-साथ नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण प्रेरणास्थल के रूप में स्थापित होगा।
