
रौनक बने प्रधानमंत्री, सोनम शिक्षामंत्री,स्वास्थ्य, पर्यावरण, खेल, संस्कृति और पुस्तकालय मंत्रालयों पर भी नन्हें जनप्रतिनिधियों का कब्ज़ा
सूरजपुर/द शूटर।राष्ट्रीय शिक्षा नीति–2020 के अनुरूप शासकीय प्राथमिक शाला चट्टीडांड़ में प्रधान पाठक गौतम शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित बाल सभा मंत्रिपरिषद निर्वाचन–2026 के ग्यारह दिवसीय लोकतांत्रिक महाअभियान के दसवें दिन शुक्रवार को ऐतिहासिक मुकाम पर पहुँचा। निष्पक्ष मतदान, पारदर्शी मतगणना एवं लोकतांत्रिक प्रक्रिया के सफल संचालन के बाद सात मंत्री पदों के निर्वाचन परिणामों की औपचारिक घोषणा संकुल केन्द्र जयनगर (आजाक) की संकुल प्राचार्य श्रीमती कलिस्ता अक्खड़ द्वारा की गई। परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट, उत्साह और लोकतांत्रिक उल्लास से गूंज उठा।
निर्वाचन परिणामों के अनुसार प्रधानमंत्री पद पर रौनक नायक ने 14 मत प्राप्त कर विजय हासिल की, जबकि अंशिका सारथी को 8 मत मिले तथा 1 मत निरस्त हुआ। शिक्षामंत्री पद पर सोनम सारथी ने 13 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की, जबकि श्रेया सारथी को 9 मत मिले तथा 1 मत निरस्त हुआ। स्वास्थ्य एवं स्वच्छता मंत्री पद पर श्रेया किन्डो ने 13 मत प्राप्त कर प्रिंस कुजूर 10 मत को पराजित किया। पर्यावरण एवं जल संरक्षण मंत्री पद पर आदित्य ने 10 मत प्राप्त कर विजय हासिल की, जबकि रूद्र सारथी को 7 मत, हिमांशु को 4 मत मिले तथा 2 मत निरस्त हुए। खेल एवं अनुशासन मंत्री पद पर गगन ने 16 मत प्राप्त कर शानदार जीत दर्ज की, जबकि समर को 7 मत मिले। सांस्कृतिक एवं खाद्य मंत्री पद पर शैलकुमारी बाजपेई ने 11 मत प्राप्त कर विजय प्राप्त की। इस पद पर रिया को 7 मत, शाम्या सारथी को 3 मत मिले तथा 2 मत निरस्त हुए। वहीं पुस्तकालय मंत्री पद पर सबसे रोमांचक मुकाबले में रेवंत नायक ने 12 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की, जबकि हिना सारथी को 11 मत मिले।
बहुमत के आधार पर रौनक नायक प्रधानमंत्री, सोनम सारथी शिक्षामंत्री, श्रेया किन्डो स्वास्थ्य एवं स्वच्छता मंत्री, आदित्य पर्यावरण एवं जल संरक्षण मंत्री, गगन खेल एवं अनुशासन मंत्री, शैलकुमारी बाजपेई सांस्कृतिक एवं खाद्य मंत्री तथा रेवंत नायक पुस्तकालय मंत्री निर्वाचित घोषित किए गए।

परिणाम घोषणा के उपरांत चट्टीडांड़ निर्वाचन आयोग की औपचारिक प्रक्रिया के तहत सभी नवनिर्वाचित अभ्यर्थियों को निर्वाचन प्रमाण-पत्र संकुल केन्द्र जयनगर (आजाक) की संकुल प्राचार्य श्रीमती कलिस्ता अक्खड़ एवं संकुल केन्द्र जयनगर (शिक्षा) की संकुल प्राचार्य श्रीमती सफियाना खलखो के करकमलों से प्रदान किए गए। दोनों अधिकारियों ने नवनिर्वाचित बाल मंत्रियों को लोकतांत्रिक मूल्यों, अनुशासन, सेवा-भाव और उत्तरदायित्व के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की शुभकामनाएँ दीं।
प्रमाण-पत्र प्राप्त करते ही विजयी अभ्यर्थियों और उनके समर्थकों की खुशी देखते ही बनती थी। विद्यालय परिसर ढोल-मांदर की थाप, जयघोष, तालियों की गूंज और रंग-बिरंगे गुलाल से लोकतंत्र के उत्सव में बदल गया। इसके बाद विजयी बाल जनप्रतिनिधियों ने गांव में विजय जुलूस निकाला। ग्रामीणों ने भी उत्साहपूर्वक उनका स्वागत कर लोकतंत्र के इस अनूठे पर्व को यादगार बना दिया।
चट्टीडांड़ विद्यालय का यह बाल लोकतंत्र महाअभियान इस बात का जीवंत प्रमाण बन गया कि लोकतंत्र की सबसे मजबूत नींव विद्यालयों में रखी जाती है, जहाँ आज के विद्यार्थी ही कल के जिम्मेदार जनप्रतिनिधि और राष्ट्रनिर्माता बनते हैं। इस कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की शिक्षिका श्रीमती मंजू कुजूर, अभिभावक राजेश सारथी, श्रीमती सविता, श्रीमती कविता, श्रीमती फुलबाई,अमेला कुमार, अमित कुमार और करन सारथी उपस्थित रहे।
