बिहार के बांकीपुर के बहुचर्चित उप चुनाव में जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने जीत दर्ज की है.
यह सीट बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के राज्य सभा के लिए चुने जाने के बाद खाली हुई थी. पटना के शहरी क्षेत्र में आने वाली यह सीट बीजेपी का गढ़ मानी जाती है लेकिन इस बार के नतीजों ने बड़े उलटफेर का संकेत दिया है.
प्रशांत किशोऱ ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बीजेपी के नीरज कुमार को 19,324 वोट से हरा दिया. उन्हें 64,151 वोट (49.2%) मिले जबकि नीरज कुमार को 44,827 वोट मिले हैं.
नौ महीने पहले ही बिहार विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 243 सीटों में 202 पर जीत दर्ज की थी. बांकीपुर को बीजेपी की सबसे सुरक्षित सीट समझा जाता रहा है. जबकि उन चुनावों में जनसुराज पार्टी का एक भी उम्मीदवार नहीं जीत सका था.कई विश्लेषक बहुत कम वोटर टर्नआउट को भी इसकी वजह मान रहे हैं, हालांकि बीजेपी ने हार के पीछे राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के वोटों का प्रशांत किशोर को ट्रांसफ़र होने को एक बड़ी वजह बताया है.
